पी.ओ.के. का भारत में विलय होगा अखंड भारत की दिशा में पहला कदम, नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण को मिलेगी नई गति: संजय पाठक।

 पी.ओ.के. का भारत में विलय होगा अखंड भारत की दिशा में पहला कदम, नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण को मिलेगी नई गति: संजय पाठक।

विजयराघवगढ़ में सम्पन्न हुआ भाजपा का विधानसभा स्तरीय सक्रिय सदस्य सम्मेलन, संगठन की मजबूती और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर हुआ मंथन।

विजयराघवगढ़:  

भारतीय जनता पार्टी का विधानसभा स्तरीय सक्रिय सदस्य सम्मेलन आज विजयराघवगढ़ में पूर्ण उत्साह एवं जोश के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, राष्ट्रनिर्माता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अंत्योदय दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। सम्मेलन में पार्टी की नीति, सिद्धांतों, राष्ट्र और समाज के प्रति प्रतिबद्धता, केंद्र एवं राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश की बदली हुई वैश्विक छवि पर गहन चर्चा हुई।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित स्थानीय विधायक संजय पाठक ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश सेवा के महान अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, इसका श्रेय निष्ठावान, सक्रिय और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर अपनी एक नई पहचान बनाई है और देश की जनता के विश्वास से मजबूत लोकतांत्रिक वातावरण तैयार हुआ है।

संजय पाठक ने विश्वास प्रकट करते हुए कहा कि आने वाले समय में देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अखंड भारत के सपने को साकार होते देखेगा और इसकी शुरुआत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के भारत में पुनः विलय से होगी। उन्होंने कहा कि यह केवल भू-राजनीतिक परिवर्तन नहीं होगा, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक आत्मा की पुनर्स्थापना होगी। उन्होंने यह भी कहा कि बीते 11 वर्षों में देश ने विकास की ऊँचाइयों को छूते हुए आत्मनिर्भरता, तकनीक, अधोसंरचना, रक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अद्भुत प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि महिला सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भाजपा सरकार ने संसद और विधायिकाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया है, जो नारी शक्ति को आगे लाने की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय है। संजय पाठक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लें और समाज के प्रत्येक वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने गांव, कस्बे और बस्तियों के विकास की योजना स्वयं बनाएं और उसे कार्यरूप में परिणत करने में भूमिका निभाएं।

जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सत्ता की नहीं, बल्कि सिद्धांतों और विचारों की पार्टी है। यह कार्यकर्ता आधारित संगठन है जहाँ एक सामान्य कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विजयराघवगढ़ विधानसभा के सदस्यता अभियान को ऐतिहासिक बताते हुए कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और प्रतिबद्धता की सराहना की।

जिला महामंत्री सतीश तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का परिवार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी का ब्रांड एम्बेसडर है और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य लगातार हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान आज वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ी लोकतांत्रिक संगठन के रूप में है, जिसमें लाखों कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण में लगे हैं।

सम्मेलन का संचालन जिला मंत्री डारेश्वर पाठक ने किया और आभार प्रदर्शन पूर्व मंडल अध्यक्ष जयवंत सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर विधायक संजय पाठक, जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, महामंत्री सतीश तिवारी, सुरेश सोनी, जिला उपाध्यक्ष मृदुल द्विवेदी, शांति यादव, जिला मंत्री डारेश्वर पाठक, विजय गुप्ता, आशीष गुप्ता बाबा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, सुधा जायसवाल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल, वसुधा मिश्रा, मनीषा शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह, भवानी राजा मिश्रा, जगदीश गुप्ता, मनोज तिवारी, प्रमोद सोनी, केशव यादव सहित कई प्रमुख पदाधिकारी, मंडल प्रभारी और सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्मेलन ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र को सर्वोच्च शिखर तक पहुंचाना है, जिसमें कार्यकर्ता की भूमिका केंद्रीय है।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी, ग्रामीण खबर mp,
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post