शमशाबाद विधानसभा में भाजपा का सक्रिय सदस्य सम्मेलन आज।
दयानंदपुर में सुबह 8 बजे से होगा आयोजन, विधायक सूर्यप्रकाश मीणा रहेंगे उपस्थित।
शमशाबाद,विदिशा:
13 अप्रैल 2025 – भारतीय जनता पार्टी द्वारा शमशाबाद विधानसभा में आज एक महत्वपूर्ण विधानसभा स्तरीय सक्रिय सदस्य सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी कार्ययोजनाओं की रणनीति पर केंद्रित रहेगा।
सम्मेलन का आयोजन ग्राम दयानंदपुर में प्रातः 08:00 बजे से किया जाएगा। पार्टी के नटेरन मंडल अध्यक्ष संग्राम सिंह एवं देव खजुरी मंडल अध्यक्ष अतुल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन में क्षेत्र के लोकप्रिय एवं कर्मठ विधायक सूर्यप्रकाश मीणा जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जो कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
सम्मेलन में शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों के भाजपा पदाधिकारी, सक्रिय सदस्य, बूथ अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य एवं अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। पार्टी की सांगठनिक दृष्टि से यह सम्मेलन अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों, नीतियों और रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन का उद्देश्य पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना है, ताकि आने वाले समय में पार्टी और मजबूती से जनसेवा के कार्यों में आगे बढ़ सके।