जन्म कल्याणक उत्सव में झूमे श्रद्धालु, कर्मभूमि में पुरुषार्थ ही बनी नियति।

 जन्म कल्याणक उत्सव में झूमे श्रद्धालु, कर्मभूमि में पुरुषार्थ ही बनी नियति।

बहोरीबंद में पंचकल्याणक महोत्सव की भव्य शुरुआत, मुनिश्री सुधासागर जी और प्रसादसागर जी ने किया आध्यात्मिक मार्गदर्शन।

बहोरीबंद:

कर्मभूमि में पुरुषार्थ ही हमारी नियति है — यही प्रेरणादायी संदेश बहोरीबंद स्थित चमत्कारोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र में आयोजित जन्म कल्याणक महोत्सव में गूंजा। तीर्थंकर भगवान, जो त्रिलोकी नाथ होते हैं, जिन्हें स्वयंभू माना गया है, उन्होंने भी माता के गर्भ से जन्म लेकर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त किया। मुनिश्री सुधासागर जी और मुनिश्री प्रसाद सागर जी महाराज ने धर्मसभा में अपने सारगर्भित उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वयं का उपादान भले ही प्रबल हो, पुरुषार्थ उत्कृष्ट हो, फिर भी मोक्ष प्राप्त करने हेतु माता-पिता का आश्रय आवश्यक होता है।

उन्होंने कहा कि तीर्थंकर भगवान का गर्भ तो निश्चित समय पर था, परंतु उनका जन्म अनियमित रूप से हुआ क्योंकि वे कर्मभूमि की सामान्य व्यवस्था के अनुसार नहीं चलते। वे अनियतवादी, पुरुषार्थ के प्रतीक और मोक्षमार्ग के पथप्रदर्शक हैं। प्रभु के जन्म के समय सभी देवों और इन्द्रों ने पांडुक शिला पर कलशों से जन्माभिषेक किया। हजारों नेत्रों ने प्रभु की आभा और छवि के दर्शन किए, किंतु तृप्त नहीं हो सके।  

मुनिश्री ने स्पष्ट किया कि जिनका यह अंतिम जन्म होता है, वही जन्म ‘जन्म कल्याणक’ कहलाता है। अब यह जन्म कभी किसी माँ के आंसुओं का कारण नहीं बनेगा। यही वह क्षण होता है जब समस्त लोक मंगलमय वातावरण से भर जाता है।

पंचकल्याणक महा महोत्सव के प्रथम दिवस पर प्रातःकालीन अभिषेक, शांतिधारा, मंडल विधान पूजन और जन्मोत्सव की पावन क्रियाएं श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुईं। तत्पश्चात श्रीजी की भव्य शोभायात्रा जय घोष के साथ नगर भ्रमण के लिए निकली। दोपहर में प्रभु का मस्तिका अभिषेक भी भक्तिभाव से किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्रीमंत सेठ उत्तमचंद जैन, संतोष जैन, अनुराग जैन, प्रमोद जैन काका, महेन्द्र जैन, शैलेन्द्र जैन, मनोज जैन, राजेश जैन, सत्येन्द्र जैन, डा. के एल जैन, प्रशांत जैन, सुरेन्द्र सिंघई, अभय कुमार जैन, विनय जैन, दिनेश जैन, डा. सुबोध जैन, प्रदीप जैन, पुष्पेन्द्र मोदी सहित बड़ी संख्या में युवा मंडल व महिला मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

श्रद्धा, समर्पण और भक्ति के साथ जन्म कल्याणक का यह उत्सव जनमानस के हृदय को छू गया।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी, ग्रामीण खबर mp,
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post