भव्यता, उल्लास और समर्पण के साथ मनाया गया भाजपा का 46वां स्थापना दिवस।
पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने निवास पर ध्वज फहराकर मिष्ठान वितरित किया, श्रीराम नवमी पर स्थापना दिवस का संयोग बना ऐतिहासिक।
सिलौडी:
भारतीय जनता पार्टी का 46वां स्थापना दिवस इस वर्ष जिले सहित ग्राम्य अंचलों में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने निवास स्थान पर पार्टी का ध्वज फहराया और मिष्ठान वितरण कर एकजुटता और समर्पण का परिचय दिया।
स्थापना दिवस का यह अवसर इसलिए और भी विशेष बन गया क्योंकि यह श्रीराम नवमी के पावन पर्व के दिन पड़ा। धार्मिक आस्था और राजनीतिक प्रतिबद्धता के इस अद्भुत संयोग ने वातावरण को पूरी तरह उत्सवी बना दिया। राम जन्मोत्सव के पावन दिन पर जब संपूर्ण देश में प्रभु श्रीराम की आराधना की जा रही थी, उसी दिन भाजपा ने अपनी स्थापना की 46वीं वर्षगांठ मनाकर जनमानस में पार्टी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को और अधिक सशक्त किया।
सिलौडी सहित अतरसुमा, संगवा, लालपुर, गोपालपुर, हरदुआ, दशरमन, कछारगांव, खम्हरिया, गौरा, कटरिया, नेगई जैसे दर्जनों गांवों में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर ध्वज वंदन कर, मिष्ठान वितरित कर और शुभकामनाएं देकर पार्टी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। घर-घर पर भाजपा का झंडा फहराया गया और वातावरण "भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद" के नारों से गूंज उठा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश राय ने इस अवसर पर पार्टी के गौरवशाली सफर की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी ने मात्र दो सांसदों से शुरू होकर आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी के रूप में स्वयं को स्थापित किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु निरंतर सक्रिय रहें।
मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की शक्ति ही इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रशांत राय ने अपने निवास पर ध्वज फहराकर सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा से ही संगठन को मजबूती मिलती है।
भाजयुमो जिला सह मीडिया प्रभारी अमित राय ने स्थापना दिवस को लेकर कहा कि यह मात्र संयोग नहीं है कि राम मंदिर में श्रीराम की स्थापना और भाजपा का स्थापना दिवस एक ही दिन पर आया है। यह एक गहरा प्रतीकात्मक संदेश है जो हमारी सांस्कृतिक चेतना और राजनीतिक विचारधारा को जोड़ता है।
स्थानीय पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों में सिलौडी उपसरपंच राहुल राय, महामंत्री विजय राय, संस्कृति प्रकोष्ठ संयोजक विनोद राय, सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक अनिल पांडे, शिवकुमार दाहिया, मोती हल्दकार, पूर्व महामंत्री नरेंद्र दहिया, भरत शुक्ला, अरविंद तिवारी, अमरेश राय, भगवती शुक्ला, आशीष राय कटरिया, संतोष साहू, सूर्यप्रकाश मिश्रा, अन्नू पाल, मुकेश पटेल, अतीश, वीरेंद्र साहू, देवी साहू, प्रदीप राय, धन्नू सेन सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने निवास पर ध्वज लगाकर स्थापना दिवस को गरिमामय बनाया।
यह दिन संगठनात्मक ऊर्जा का ऐसा संचार लेकर आया जिसने कार्यकर्ताओं को नए उत्साह से भर दिया। सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पार्टी की नीति, सिद्धांत और सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाते रहेंगे और आगामी चुनावों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
स्थापना दिवस की यह भव्यता एक बार फिर यह दर्शाती है कि भारतीय जनता पार्टी न केवल राजनीतिक संगठन है, बल्कि यह देश की संस्कृति, परंपरा और जनसरोकारों से गहराई से जुड़ा हुआ आंदोलन है।