सपा नेता अबू आजमी की विवादित टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो ने किया पुतला दहन।

 सपा नेता अबू आजमी की विवादित टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो ने किया पुतला दहन।

सिहोरा बस स्टैंड पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश, सपा नेता पर इतिहास को तोड़-मरोड़ने का आरोप।

जबलपुर,सिहोरा:

महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी द्वारा मुगल शासक औरंगजेब को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने आक्रोश व्यक्त किया। इस टिप्पणी के खिलाफ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बुधवार की शाम सिहोरा बस स्टैंड पर विरोध प्रदर्शन करते हुए अबू आजमी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष ग्रामीण राजमणि सिंह बघेल ने किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन भाजयुमो जिला मंत्री पलाश दुबे ने किया।  

भाजयुमो कार्यकर्ताओं का कहना है कि अबू आजमी का यह बयान ऐतिहासिक तथ्यों को विकृत करने और हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि औरंगजेब के शासनकाल को स्वर्ण युग बताने वाले अबू आजमी यह भूल रहे हैं कि उसी शासनकाल में लाखों हिंदुओं पर अत्याचार किए गए थे। हजारों मंदिरों को तोड़ा गया था और धार्मिक असहिष्णुता को बढ़ावा दिया गया था। ऐसे में अबू आजमी का बयान न केवल हिंदू समाज का अपमान है, बल्कि भारत के गौरवशाली इतिहास को भी गलत तरीके से प्रस्तुत करने का षड्यंत्र है।  

भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता लगातार हिंदू विरोधी बयान दे रहे हैं। महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजन को लेकर भी विवादित टिप्पणियाँ की गईं और अब औरंगजेब जैसे आक्रमणकारी शासक का महिमामंडन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास आतंकवादियों और देशविरोधी ताकतों को समर्थन देने का रहा है, लेकिन हिंदुस्तान में इस प्रकार की मानसिकता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।  

उन्होंने आगे कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि औरंगजेब ने सत्ता के लिए अपने ही पिता शाहजहाँ को बंदी बना लिया था, अपने भाइयों की हत्या कर दी थी और हिंदू समाज को कमजोर करने के लिए जजिया कर लगाया था। उन्होंने कई मंदिरों को ध्वस्त कर वहाँ मस्जिदें बनवाईं और लाखों निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतार दिया। ऐसे में, अबू आजमी का यह बयान न केवल निंदनीय है, बल्कि यह भारत की एकता और अखंडता पर भी हमला है।  

भाजयुमो जिला मंत्री पलाश दुबे ने कहा कि अबू आजमी का बयान भारत की संस्कृति और इतिहास को कलंकित करने की कोशिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समाजवादी पार्टी के नेता इस प्रकार की हिंदू विरोधी बयानबाजी से बाज नहीं आते हैं, तो भाजयुमो और अधिक उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की जनता विदेशी आक्रांताओं का महिमामंडन करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी और इसका जवाब चुनावों में दिया जाएगा।  

विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और अबू आजमी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि अबू आजमी अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं माँगते, तो उनका विरोध और अधिक उग्र किया जाएगा और देशभर में उनके खिलाफ प्रदर्शन किए जाएँगे।  

इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राजा मोर, अनुपम सराफ, अनंत नौगरहिया, रामकृष्ण पटेल, माधव मिश्रा, शिशिर पाण्डेय, पलाश दुबे, रोहित यादव, विनय श्रीपाल, लालू यादव, धर्मेंद्र पटेल, अंकित तिवारी, कान्हा पांडे, पवन मिश्रा, रत्नेश दुबे, प्रांजल तिवारी, भालू चौरसिया, सौरव गोटिया सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।  

कार्यक्रम के सफल आयोजन का संयोजन भाजयुमो जिला मंत्री पलाश दुबे ने किया।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post