बालाजीपुरम प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र पर शिव जयंती का धूमधाम से आयोजन।
सपना दीदी के सानिध्य में हुआ भव्य महोत्सव, ध्यान एवं आध्यात्मिक रहस्यों पर हुई चर्चा।
विदिशा:
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय विदिशा बालाजीपुरम सेवा केंद्र 89 बी पर शिव जयंती बहुत धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात शिव जी की पूजा-अर्चना के साथ अतिथियों ने मोमबत्ती एवं उपस्थित लोगों ने दीप जलाए। इस अवसर पर केक काटा गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
केंद्र पर मुरली वचन एवं भगवान के महावाक्यों से शुरुआत की गई, जिसे वहां उपस्थित लोगों ने अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना। ध्यान सत्र के दौरान लोग इतनी गहराई में डूब गए कि उन्हें अपने आस-पास का अहसास भी विलुप्त हो गया। इस दौरान ध्यान भी कराया गया।
कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य भाई मनोज कटारे, लायंस क्लब विदिशा के अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इन सभी ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सपना दीदी ने शिव जी के आध्यात्मिक रहस्यों पर प्रकाश डालते हुए महाशिवरात्रि का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि ध्यान के माध्यम से कई बीमारियों से मुक्ति प्राप्त की जा सकती है, जिससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं एवं कार्य कुशलता में वृद्धि होती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनोज कटारे ने सर्वप्रथम सपना दीदी का शाल एवं श्रीफल के साथ सम्मान किया तथा अपने उद्बोधन में महाशिवरात्रि के महत्व को उजागर किया।
लायंस क्लब के अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी ने वहां उपस्थित लोगों को ईश्वर का निमंत्रण प्राप्त हुआ बताते हुए ज्ञान प्राप्ति एवं सेवा केंद्र से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ब्रह्माकुमारी बहनों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे जो अलौकिक आनंद प्राप्त कर रही हैं, उसे समाज, देश और दुनिया तक पहुंचाना चाहती हैं।
इसके उपरांत सभी ने केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी सपना दीदी से प्रसाद एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसे लक्ष्मण समरवार ने व्यक्त किया। इस शुभ अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में भाई-बहन उपस्थित रहे।