भोपाल विधानसभा घेराव: कटनी ब्लॉक प्रभारियों ने बनाई रणनीति।
कांग्रेस नेताओं ने ब्लॉक स्तर पर बैठक कर आंदोलन की तैयारियों का लिया जायजा।
कटनी:-आगामी 16 दिसंबर को भोपाल में प्रस्तावित विधानसभा घेराव के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए कटनी जिले में भी सक्रियता देखी जा रही है। जिला प्रभारी वीरेंद्र द्विवेदी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष करण सिंह चौहान के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ बैठकों का दौर जारी है।
कटनी शहर के ब्लॉक क्रमांक 1 और 2 के प्रभारी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट मिथलेश जैन और प्रियदर्शन गौर ने अपने-अपने ब्लॉक अध्यक्षों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इन बैठकों में भोपाल जाने की तैयारियों का जायजा लिया गया और आंदोलन को सफल बनाने के लिए रणनीतियां तैयार की गईं।
इस अवसर पर शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद पटेल और कमल पांडे ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां स्पष्ट कीं। सेवादल अध्यक्ष पंकज गौतम, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सोनी, पूर्व पार्षद कमलेश जाटव, एनएसयूआई प्रदेश सचिव अजय खटीक, पूर्व पार्षद संदीप यादव, विजय मंगल चौधरी, उपाध्यक्ष राजमणि तिवारी, आदिवासी प्रकोष्ठ अध्यक्ष अजय गोटिया और अन्य कांग्रेसजन भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आंदोलन के महत्व और उद्देश्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह घेराव जनता की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने और उनकी अनदेखी के खिलाफ आवाज उठाने का एक बड़ा मौका है।
कटनी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के भोपाल पहुंचने की संभावना है। कांग्रेस नेता इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी में जुटे हुए हैं। अब 16 दिसंबर को भोपाल में कांग्रेस के इस प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।