अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव
जन कल्याण अभियान का शुभारंभ।
लाडली बहनों और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों को राशि जारी।
श्रीमद् भागवत गीता पाठ, व्याख्यान माला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुई।
विदिशा:-अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव अंतर्गत आज जिला स्तर पर विदिशा के रविंद्र नाथ टैगोर सांस्कृतिक ऑडिटोरियम भवन में कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश स्तरीय मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान का शुभारंभ भी हुआ है और 1.28 करोड़ लाडली बहनों एवं 55 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों को राशि का अंतरण भी मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक से किया गया, जिसका सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी किया गया था। राज्य स्तरीय कार्यक्रम को देखने सुनने के प्रबंध भी एलईडी व साउंड सिस्टम के माध्यम से किए गए थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाइव उद्बोधन जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित सभी के द्वारा देखा और सुना गया है।जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी, विदिशा विधायक मुकेश टंडन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों तथा कलेक्टर रोशन कुमार सिंह जिला पंचायत सीईओ पंकज जैन ने दीप प्रज्वलन कर किया। अतिथियों द्वारा जनकल्याण अभियान अंतर्गत स्वामित्व योजना से लाभान्वित रघुनाथ सिंह, नौनीत राम अहिरवार और हिम्मत सिंह को पट्टे प्रदाय भी किए हैं।कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी ने संबोधित करते हुए श्रीमद भगवत गीता में बताए गए रास्तों को अपने जीवन में अनुसरण करने का आव्हान करते हुए कहा कि चैरासी कोस की परिक्रमा महत्वपूर्ण मानी जाती है। गीता महोत्सव मनाए जाने का सरकार का लक्ष्य यह है कि सभी अपने धर्म का अनुसरण कर गीता के बताए रास्तों पर चलें जिससे उनका जीवन सुखमय बनें।विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ-साथ आज लाडली बहनों के बैंक खातों में राशि भी जारी की गई है और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जनकल्याण अभियान की शुरुआत भी प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा की गई है। उन्होंने एक साथ तीन-तीन कार्यक्रम के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए मुख्यमंत्री जी के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने श्रीमद्भागवत गीता के कुछ विषयों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि गीता से बहुत कुछ सीखने को मिलता है इसको अपने जीवन में अनुसरण करने के लिए उन्होंने अपने विचार व्यक्त किये।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे कार्यक्रम में विश्व गीता प्रतिष्ठानम द्वारा श्रीमद् भागवत गीता का पाठ सुनाया गया जिसे उपस्थित सभी के द्वारा सुना गया। विश्व गीता प्रतिष्ठानम द्वारा गीता क्विज तथा एस्कान द्वारा व्याख्यान माला इत्यादि कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। साथ ही साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव कार्यक्रम में किया गया था।
280286 लाड़ली बहनों कै बैंक खातों में 34 करोड़ 17 लाख रुपये जमा हुए।
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना अंतर्गत जिले की कुल 280286 पात्र महिलाओं को राशि का अंतरण उनके खाते में किया गया है जिसकी कुल राशि 34 करोड़ 17 लाख है। इनमें से 14376 पेंशन अंतर्गत पात्र होने के कारण इन महिलाओ के प्रति महिला 650 रुपये के मान से कुल 93 लाख 44 हजार राशि का एवं शेष 265910 महिलाओं को 1250 रुपये के मान से कुल 33 करोड 23 लाख राशि का अंतरण उनके डीबीटी सक्रिय खाते में किया गया है।